नई दिल्ली , पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज सबा करीम ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता पर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि मौजूदा समय में पाकिस्तान टीम भारत से काफी पीछे है — न केवल प्रदर्शन में, बल्कि रणनीति, आत्मविश्वास और निरंतरता के स्तर पर भी।
पूर्व विकेटकीपर सबा करीम का मानना है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान बहुत पीछे है। विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का सामना कल यानी 5 अक्टूबर को कोलंबो में होना है। इस मुकाबले से पहले शुक्रवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जियोस्टार एक्सपर्ट सबा करीम ने मीडिया-डे के दौरान दैनिक भास्कर के सवाल पर कहा, दोनों टीमों के प्रदर्शन में काफी अंतर है। इसलिए मुझे लगता है कि भारत की ताकत इसी से पता चलती है।
भारत हर डिपार्टमेंट मजबूत उन्होंने आगे कहा, हमारे पास एक बहुत ही मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप है। हमारा टॉप ऑर्डर बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। इसके साथ ही मैं मिडिल ऑर्डर से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करता हूं। हरमन का फॉर्म अच्छा है, लेकिन रन उतने नहीं बन रहे जितने बनने चाहिए। हमारी बॉलिंग यूनिट, खासकर हमारे स्पिनर बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा हमने 15 मेंबर्स स्क्वॉड में कई अच्छे ऑलराउंडर चुने हैं। तो ये तीन-चार फैक्टर हैं जो मैच का रिजल्ट तय करेंगे।
सबा करीम ने कहा, ऐसे हाई-वोल्टेज मुकाबले में खिलाड़ी दबाव महसूस करते हैं। लेकिन अगर हम अपने पास मौजूद सभी रिसोर्सेस की तुलना पाकिस्तान से करें तो पाकिस्तान भारत से बहुत पीछे है।
रेणुका को मिल सकता है मौका सबा करीम ने कहा, भारत की टीम परिस्थितियों और विरोधी टीम के हिसाब से अपने प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने के लिए तैयार रहती है। रेणुका सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है, लेकिन टीम मैनेजमेंट अंतिम फैसला विरोधी टीम और मैदान की स्थिति को देखकर लेगा।
















