नई दिल्ली । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी ACC ऑफिस में जमा करा दी है। रविवार, 28 सितंबर को हुए एशिया कप फाइनल के बाद भारतीय टीम ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। इसके बाद ACC के किसी अन्य अधिकारी से टीम को ट्रॉफी देने की जगह नकवी इसे अपने साथ होटल ले गए थे। वे इस बात पे अड़ गए थे कि भारतीय टीम को वही ट्रॉफी देंगे।
इसके दो दिन बाद मंगलवार को ACC की सालाना बैठक हुई। इसमें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने नकवी को जल्द से जल्द ट्रॉफी वापस करने को कहा था। NDTV ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि भारतीय अधिकारियों ने नकवी को चेतावनी दी थी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो उनको ACC प्रमुख के पद से हटाया जा सकता है। इसके बाद नकवी ने ट्रॉफी ने जमा कराई है। अब यह ट्रॉफी भारत को कैसे दी जाएगी इस पर फैसला बाकी है।
मंगलवार को BCCI ने ACC की एनुअल जनरल मीटिंग में भारत ने चैंपियन बनने के बावजूद ट्रॉफी नहीं दिए जाने का कड़ा विरोध किया था। इस पर नकवी ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्हें लिखित में कहीं से यह सूचना नहीं दी गई थी कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी नहीं लेगी। उन्होंने कहा- ‘मैं तो वहां बिना वजह एक कार्टून की तरह खड़ा था।’ 29 सितंबर को BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि वह इस मामले को नवंबर में होने वाली ICC मीटिंग में भी रखेंगे।
ACC की AGM में क्या-क्या हुआ?
- BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने नकवी से पूछा था कि विजेता टीम को ट्रॉफी क्यों नहीं दी गई? यह ACC की ट्रॉफी है, इसे औपचारिक तरीके से विजेता टीम को सौंपा जाना चाहिए था।
- मीटिंग में ये फैसला लिया गया कि काउंसिल के टेस्ट प्लेइंग मेंबर भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान के सदस्य ट्रॉफी के विवाद का समाधान निकालने के लिए बैठक करेंगे।
इस मीटिंग में राजीव के अलावा, BCCI के आशीष शेलार भी मौजूद रहे। दोनों वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीटिंग में जुड़े थे।

















