नई दिल्ली । एशिया कप के फाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए बड़ी चिंता की खबर सामने आई है। टीम के दो अहम खिलाड़ी चोटिल हो गए हैं, जिससे कप्तान और मैनेजमेंट की रणनीति पर असर पड़ सकता है। यह चोटें ऐसे समय आई हैं जब भारत अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले की तैयारी कर रहा है।
एशिया कप 2025 के फाइनल मैच से पहले हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा चोटिल हो गए हैं। पंड्या के खेलने पर सस्पेंस है। उनकी मांस-पेशियों में खिंचाव है। तिलक वर्मा के पैर में चोट आई है। उनकी स्थिति कैसी है यह नहीं बताया गया है।
शुक्रवार को सुपर-4 में श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में दोनों चोटिल हुए। भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हार्दिक की चोट का शनिवार को रिव्यू होगा। उन्होंने बताया कि अभिषेक शर्मा की मांस-पेशियों में भी खिंचाव आया था, लेकिन अब वे ठीक हैं।
शुक्रवार को हुए मैच में भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में हराया। इसमें भारत को 3 रन का टारगेट मिला था, जिसे भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली गेंद में हासिल कर लिया।
हार्दिक ने सिर्फ एक ओवर डाला भारतीय टीम के लिए इस एशिया कप में हार्दिक पंड्या नई गेंद से बॉलिंग करते हैं। उन्होंने लगभग हर मैच में पहला ओवर डाला है। श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले में भी हार्दिक ने पहला ओवर डाला। उन्होंने इस ओवर में कुसल मेंडिस का बड़ा विकेट भी लिया। हालांकि, इसके बाद हार्दिक ने पूरे मैच में एक भी ओवर नहीं डाला। श्रीलंका के बल्लेबाज विस्फोटक बैटिंग करते रहे लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव हार्दिक को लेकर नहीं आए।
श्रीलंका की पारी का पहला ओवर डालने के बाद ही हार्दिक पंड्या मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह रिंकू सिंह फील्डिंग के लिए आए। हार्दिक इसके बाद लौटकर नहीं आए और यही वजह रही कि रिंकू ने सुपर ओवर के दौरान भी फील्डिंग की और कैच भी लपका।
तिलक वर्मा भी चोटिल तिलक वर्मा को भी श्रीलंका की पारी के दौरान बाहर जाना पड़ा। 10वें ओवर में अभिषेक दूसरी गेंद के बाद बाहर चले गए। 18वें ओवर में तिलक वर्मा को चोट लग गई।
अक्षर पटेल की गेंद पर दासुन शनाका ने मिड विकेट पर छक्का लगाया। तिलक वर्मा ने ऊंची छलांग लगाकर गेंद को रोकने की कोशिश की। जिसकी वजह से उनके पैर में चोट आई। वह ठीक से चल नहीं पा रहे थे। वह मैदान से बाहर चले गए और शिवम दुबे फील्डिंग के लिए आए।


















