नई दिल्ली । भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग-2025 फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। नीरज ने सिलेसिया चरण के बाद फाइनल टेबल में 15 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 27 और 28 अगस्त को होने जा रहे मुकाबले के लिए क्वालिफाई किया।
27 साल के नीरज ने 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया राउंड में हिस्सा नहीं लिया था। हालांकि, उन्होंने मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का करियर बेस्ट थ्रो फेंका और दूसरे स्थान पर रहे। फिर नीरज ने जून में पेरिस डायमंड लीग में 88.16 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया- ‘अभी तक की जानकारी के अनुसार नीरज पूरी तरह फिट हैं और वे डायमंड लीग फाइनल में हिस्सा लेंगे।’ फिलहाल, नीरज चोपड़ा चेक रिपब्लिक में ट्रेनिंग कर रहे हैं।
नीरज चोपड़ा 15 अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में केशोर्न वालकॉट (17 अंक) पहले और जूलियन वेबर (15) दूसरे स्थान पर हैं। ब्रसेल्स राउंड के बाद फाइनल टेबल में टॉप-6 पर रहने वाले एथलीट ज्यूरिख में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे।
ब्रसेल्स राउंड में खेलने न खेलने से फर्क नहीं पड़ेगा 2022 में डायमंड लीग का खिताब जीत चुके नीरज चोपड़ा के 22 अगस्त को ब्रसेल्स में होने वाले डायमंड लीग के आखिरी राउंड में हिस्सा लेने की भी जानकारी नहीं है। हालांकि, उनके इस राउंड में हिस्सा लेने या न लेने से उनकी फाइनल स्टेंडिंग टेबल में फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे पहले ही डायमंड लीग के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं।
अगले महीने वर्ल्ड चैंपियनशिप में खिताब बचाने उतरेंगे नीरज नीरज चोपड़ा 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में आयोजित होने जा रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे। उन्होंने पिछले सीजन में बुडापोस्ट में 88.17 मीटर के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीता था।

















